DP NEWS MEDIA
रसीद बुक में छेड़छाड़ कर 2 लाख 67 हजार 660 रूपये का किया गबन
बालोतरा। नगर परिषद बालोतरा की फायर शाखा द्वारा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में जांच दौरान लाखों रूपये का गबन करने का पता चला।
नगर परिषद बालोतरा की फायर शाखा द्वारा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में अधिक राशि वसूल करने की शिकायत के आधार पर जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार जांच कमेटी का गठन किया गया।
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि पुस्तक संख्या 905 एवं 815 की रसीदों में कांट छांट एवं प्रार्थी द्वारा अधिक राशि वसूल कर मूल प्रति में कम राशि अंकित करते हुए कुल 2,67,660 रूपये का गबन किया गया। साथ ही अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र राशि जमा होने से पूर्व ही प्रमाण पत्र जारी करना पाया गया।
जांच में पुस्तक संख्या 905 क्रमांक 31, 01 जनवरी 2024 राशि 153300 रूपये टीकूसिंह चौधरी को अग्निशमन अनापति प्रमाण पत्र फायर शाखा कार्मिक द्वारा जारी किया गया। उपरोक्त रसीद की राशि 153300 रू. नगर परिषद कार्यालय में जमा नहीं हुई हैं। जांच कमेटी द्वारा ऐसी अनेक अनियमिताऐ उजागर की है।
जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि नगर परिषद की फायर शाखा के कार्मिकों के द्वारा रसीद बुक में कांट छांट करने, प्रार्थी द्वारा अधिक राशि वसूल कर राजकोष में कम राशि जमा करवाना एवं अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र राशि जमा होने से पूर्व ही प्रमाण पत्र जारी करना पाया गया।
जांच में पाया गया कि नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत शासन विभाग के निर्देशानुसार फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र अधिशाषी अधिकारी/आयुक्त अथवा उनके द्वारा अधिकृत अधिकारी द्वारा जारी किया जाता है परन्तु फायर शाखा के कार्मिकों द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने हेतु अधिकृति पत्र प्रस्तुत नही किया गया।
उक्त प्रकरण को जांच हेतु राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।



